कोलकाता · राष्ट्रिक्स वायर
टाला टैंक की पाइप फटने से उत्तर कोलकाता में जलभराव, सर्कुलर रेलवे सेवा बाधित
टाला टैंक की पाइप फटने से उत्तर कोलकाता में पानी भर गया, जिससे पेयजल आपूर्ति और रेल सेवाएं बाधित हो गईं।
सोमवार सुबह उत्तर कोलकाता में टाला टैंक की पानी की पाइप फटने से बड़े इलाके में जलभराव हो गया और सर्कुलर रेलवे का परिचालन ठप हो गया। स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त स्मिता पांडे मौके पर पहुंचीं।
टूटे हुए पाइप से तेजी से पानी बाहर निकलने लगा, जिससे उत्तर कोलकाता में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। सड़कों और रेल पटरी पर पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर आयुक्त स्मिता पांडे ने बताया कि जमीन के नीचे का पाइप फटने से यह समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र में रेलवे ट्रैक होने के कारण जल निकासी की व्यवस्था रेलवे के अंतर्गत आती है और समय पर पानी नालियों की ओर न मोड़े जाने के कारण जलभराव बढ़ गया। नगर निगम के कर्मचारी जमे हुए पानी को निकालने के काम में जुटे हैं। निगम ने स्पष्ट किया कि स्थिति को सामान्य होने में समय लगेगा।