पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
पश्चिम बंगाल में गिरा तापमान, मौसम विभाग ने चक्रवाती परिसंचरण की जताई संभावना
उत्तरी हवाओं के प्रभाव से बंगाल में तापमान कम हो रहा है, इसी बीच मौसम विभाग ने नए चक्रवाती परिसंचरण की संभावना की जानकारी दी है।
उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण पश्चिम बंगाल में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले तीन से चार दिनों में पारे में कमी आई है जिससे कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में ठंड का अहसास होने लगा है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक उत्तर बंगाल सहित पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय हल्की धुंध और दिन चढ़ने के साथ साफ आसमान रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम कार्यालय ने बताया कि गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से १.५ किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा आगामी २९ नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक और नया चक्रवाती परिसंचरण उभरने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस पूरे सप्ताह राज्यभर में मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी और रात के तापमान में और कमी आ सकती है।