RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

बुक्सा में बाघिन फिर बस्तियों के करीब पहुंची, वन अधिकारियों की चिंता बढ़ी

बुक्सा टाइगर रिजर्व के जंगल से निकलकर बाघिन एक बार फिर बस्तियों के पास आ गई है, जिससे वन अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।

बुक्सा टाइगर रिजर्व के जंगल से निकलकर बाघिन एक बार फिर इंसानी बस्तियों के नजदीक आ गई है। रविवार शाम को रिजर्व से सटे एक वन गांव में पेड़ पर बने घर में उसे शरण लेते हुए देखा गया। इससे पहले असम में भी उसने रिहायशी इलाके के पास आकर पालतू सूअर का शिकार किया था। उसके बार-बार इस तरह आबादी की तरफ बढ़ने से वन विभाग के अधिकारी चिंतित हैं। यह सवाल उठ रहा है कि क्या जंगल में शिकार न मिलने के कारण वह ऐसा कर रही है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार बाघ आमतौर पर शिकार मिलने के बाद उस जगह को आसानी से नहीं छोड़ते हैं। रविवार की सुबह बुक्सा के कोर इलाके में बाघिन की हलचल बहुत कम देखी गई थी, लेकिन शाम होते-होते वह बस्तियों की ओर बढ़ गई। गर्भपात के बाद उसकी सेहत को लेकर विभिन्न हलकों में कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं, हालांकि राज्य के वन मंत्री मनोज कुमार उरांव ने उन तमाम चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि बाघिन पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी यानी एनटीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही सभी कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार बुक्सा के जंगलों में फिर से बाघों की पुरानी रौनक वापस लाना चाहती है। इस सिलसिले में और बाघ लाने की तैयारी चल रही है। केंद्रीय समिति के सदस्यों ने और अधिक बाड़े बनाने की सलाह दी है। वन मंत्री ने बताया कि कर्मचारियों को बाघों की देखरेख में कुशल बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लंबे समय से बुक्सा में बाघों का स्थायी वास न होने के कारण कर्मचारियों को इस मामले में कम अनुभव है। रविवार को बाघिन को देखने के लिए कई पर्यटक जंगल पहुंचे लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। वन विभाग में कर्मचारियों की कमी को स्वीकार करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य पुलिस से कुछ कर्मियों को डेप्युटेसन पर लिया जाएगा जिससे इस समस्या से निपटा जा सके।