पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
कैनिंग पश्चिम के टीएमसी विधायक परेशराम दास दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
कैनिंग पश्चिम के टीएमसी विधायक परेशराम दास को दुष्कर्म के आरोपों के बाद कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में कैनिंग पश्चिम से तृणमूल कांग्रेस के विधायक परेशराम दास को गिरफ्तार कर लिया है। बारुईपुर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन टीम ने सोमवार को उन्हें कोलकाता एयरपोर्ट से हिरासत में लिया। विधायक का दावा है कि उन्हें अपने खिलाफ किसी मामले की कोई जानकारी नहीं थी और वे मुंबई जा रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक महिला ने विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोपकत्र्ता का दावा है कि विधायक ने २०२३ के पंचायत चुनाव से पहले उसके पति को टिकट दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये लिए थे। जब वह पैसे देने उनके द्वारा बनाए गए वृद्धाश्रम गई, तो उसे प्रताड़ित किया गया और बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का यह भी दावा है कि उसे मामला वापस लेने के लिए धमकी दी जा रही है।
विधायक परेशराम दास के खिलाफ पहले भी सरकारी जमीन पर कब्जा करने और मथला नदी के किनारे अवैध निर्माण करने जैसे कई आरोप लग चुके हैं। इसके अलावा २०२३ के पंचायत चुनावों में हिंसा के मामले में सीआईडी ने भी उनसे पूछताछ की थी।