मनोरंजन · राष्ट्रिक्स वायर
सलमान खान की फिल्म मातृभूमि का ट्रेलर जारी, दिसंबर में होगी रिलीज
चीनी आपत्तियों और कई अड़चनों को पार करते हुए सलमान खान की फिल्म मातृभूमि का ट्रेलर सामने आ गया है जो दिसंबर में रिलीज होगी।
गल्वान की पृष्ठभूमि पर बनी सलमान खान की नई फिल्म मातृभूमि का ट्रेलर मंगलवार को जारी कर दिया गया। यह फिल्म आगामी चार दिसंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। इससे पहले इस फिल्म को कई तरह की प्रशासनिक बाधाओं और बीजिंग की आपत्तियों का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते निर्माताओं को इसका नाम भी बदलना पड़ा था। ट्रेलर में चीनी सेना के खिलाफ भारतीय सैनिकों के संघर्ष के साथ-साथ सलमान का एक्शन और रोमांस दोनों रूप देखने को मिले हैं। इस फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी। पिछले साल फिल्म का टीजर सामने आने के बाद चीन ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी, जिसके बाद फिल्म के एक बड़े हिस्से की दोबारा शूटिंग करनी पड़ी थी। ट्रेलर में अभिनेता के तीखे संवादों और एक्शन दृश्यों को देखकर उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हैं। अब यह देखना होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाल दिखा पाती है।