RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

असम में ट्रेन दुर्घटना, सियालदह में हेल्प डेस्क शुरू

असम में साइरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से कई यात्री घायल, सियालदह समेत कई स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए।

कोलकाता से मिजोरम जा रही साइरंग एक्सप्रेस असम में दुर्घटना का शिकार हो गई। कामरूप जिले के दिगारू स्टेशन के पास ट्रेन का इंजन और छह डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना में कई यात्री घायल हो गए हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

दुर्घटना की खबर मिलते ही यात्रियों के परिजनों में चिंता फैल गई। परिजनों को सही जानकारी देने के लिए सियालदह स्टेशन पर हेल्प डेस्क शुरू किया गया है। इसके अलावा उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार जंक्शन, असम के गुवाहाटी और लुमडिंग स्टेशनों पर भी हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। रेलवे की ओर से कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

घायल यात्रियों के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने और वापस लाने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।