RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने चिट फंड पर लिखी नई किताब

तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने चिट फंड की पृष्ठभूमि पर आधारित एक नई राजनीतिक उपन्यास का अनावरण किया है।

तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने एक नया उपन्यास लिखा है जिसका शीर्षक चिट फंड, एक राजनीतिक थ्रिलर है। शनिवार को उन्होंने अपनी इस पुस्तक की पहली झलक सबके सामने रखी।

उन्होंने बताया कि इस उपन्यास में चिट फंड से जुड़ी गंभीर समस्याओं और संकटों को केंद्र में रखा गया है। इसमें यह दर्शाया गया है कि कैसे इसमें पैसा निवेश करने वाले लोग और काम करने वाले कर्मचारी मुश्किलों में फंस जाते हैं। इसके साथ ही राजनीति और कॉर्पोरेट जगत में इसके इस्तेमाल को भी कथानक का हिस्सा बनाया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुस्तक के सभी पात्र काल्पनिक हैं और वास्तविक जीवन से इनका कोई संबंध नहीं होना चाहिए।

गौरतलब है कि एक समय में शारदा मामले से उनका नाम जुड़ा था और उन्हें नवंबर २०१३ में गिरफ्तार किया गया था। बाद में वह २०१६ के आखिर में जेल से बाहर आए थे। उन्होंने शारदा समूह से मिला वेतन भी लौटा दिया था और खुद को निर्दोष बताया था। वर्तमान में वह ममता बनर्जी के साथ बने हुए हैं।