RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

ट्रंप ने की भारत की जीडीपी वृद्धि की तारीफ, भाजपा ने राहुल को घेरा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड्र ट्रंप द्वारा भारत की सात प्रतिशत जीडीपी वृद्धि की सराहना किए जाने के बाद भाजपा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड्र ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था की सराहना करते हुए कहा है कि कम ब्याज दरों के बावजूद देश की जीडीपी सात प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक को भारत के तौर-तरीकों से सीख लेनी चाहिए। ट्रंप का कहना था कि भारत की तरह ब्याज दरें कम करने से अमेरिका की जीडीपी में भी भारी वृद्धि हो सकती है। गौरलतब है कि इससे पहले जुलाई 2025 में उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था की आलोचना की थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति की इस टिप्पणी के बाद सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। भाजपा नेता आशीष सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वैश्विक स्तर पर मिल रही यह स्वीकार्यता देश की आर्थिक प्रगति को दर्शाती है, जबकि कांग्रेस इस सफलता को नजरअंदाज कर रही है। वहीं, भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था हर मुश्किल परिस्थिति में भी पूरी तरह से स्थिर है।