RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

बनारहाट में भारत-भूतान सीमा के पास दो हाथियों में संघर्ष

रविवार सुबह जलपाईगुड़ी के बनारहाट में भारत-भूतान सीमा के पास दो हाथियों की लड़ाई से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

जलपाईगुड़ी जिले के बनारहाट ब्लॉक के भारत-भूतान सीमा से लगे चमुरची इलाके में रविवार सुबह दो हाथियों के बीच भिड़ंत हो गई। वन विभाग के अनुसार, यह घटना तब हुई जब हाथियों का एक झुंडरेती जंगल से निकलकर मराघाट या डायना जंगल की ओर बढ़ रहा था। दोनों हाथी अचानक आमने-सामने आ गए और काफी देर तक एक-दूसरे पर हमला करते रहे। हाथियों की दहाड़ और आवाज सुनकर चाय बागान के मजदूर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हाथियों के बस्ती में आ जाने के डर से इलाके में अफरातफरी मच गई। काफी देर तक चले संघर्ष के बाद एक हाथी पीछे हट गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। इस घटना में किसी प्रकार के नुकसान या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। वन विभाग के कर्मी हाथियों के झुंड पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। संघर्ष के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।