पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
अलीपुरद्वार में निर्माणाधीन पुल गिरा, नौ लोग घायल
अलीपुरद्वार में घरघरियां नदी पर बन रहा चार लेन का पुल ढह गया, जिससे नौ लोग घायल हो गए।
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में एक निर्माणाधीन पुल के ढह जाने से कम से कम नौ लोग घायल हो गए। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें कूचबिहार अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। यह दुर्घटना अलीपुरद्वार के घरघरियां बाजार के पास घरघरियां नदी पर हुई। चार लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य के तहत इस पुल को बनाया जा रहा था। काम चलने के दौरान अचानक पुल का एक हिस्सा ढह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन की ओर से अभी तक दुर्घटना के स्पष्ट कारणों की जानकारी नहीं दी गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।