RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

ईरानी हमले की आशंका के बीच अमेरिका ने ब्रिटेन के अड्डे से हटाए विमान

ईरान के संभावित हमले की आशंका के बीच अमेरिका ने ब्रिटेन के एक सैन्य अड्डे से कई विमानों को हटा लिया है। पेंटागन के सूत्रों के अनुसार, मिल्डेंहॉल अड्डे से दस ईंधन भरने वाले विमानों (रिफ्यूलिंग टैंकर) को हटाकर जर्मनी, स्पेन और स्कॉटलैंड के विभिन्न अड्डों पर भेजा गया है। हालांकि, पेंटागन ने आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन विमानों को क्यों हटाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार को मिल्डेंहॉल बेस से पहले दो टैंकर हटाए गए। बाद में उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट के आंकड़ों से पता चला कि कुल दस विमानों को अन्यत्र भेजा गया है। अमेरिकी विमानों को जर्मनी के स्पैंगडाहलेम और रामस्टीन एयर बेस, स्पेन के मोरोन बेस और स्कॉटलैंड के प्रेस्टविक हवाई अड्डे पर भेजा गया है।

इससे पहले पिछले महीने भी वाशिंगटन ने ब्रिटेन के फेयरफोर्ड स्थित रॉयल एयर फोर्स बेस से कई बमवर्षक विमानों को हटा लिया था। मार्च के बाद से अमेरिका ईरान के खिलाफ इस रणनीतिक अड्डे का उपयोग कर रहा था। दूसरी ओर, तेहरान पहले ही चेतावनी दे चुका है कि ईरानी क्षेत्र पर हमले के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले किसी भी अड्डे को निशाना बनाया जाएगा। माना जा रहा है कि इसी खतरे के चलते अमेरिकी सेना ब्रिटेन के अड्डों से अपने विमान पीछे हटा रही है।

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने इस मामले पर कहा कि वे आमतौर पर अन्य देशों की गतिविधियों पर कोई टिप्पणी नहीं करते हैं।