RASHTRIX 24X7 NEWS

दुनिया · राष्ट्रिक्स वायर

२०१४ के लोकसभा चुनाव में भी हुई थी वोट चोरी, अमेरिका में बोले राहुल गांधी

अमेरिका के दौरे पर गए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने २०१४ के आम चुनावों में भी वोट चोरी होने का विस्फोटक दावा किया है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि २०१४ के लोकसभा चुनावों के दौरान भी वोट चोरी हुए थे। संयुक्त राज्य अमेरिका के अपने दौरे के दौरान कोलंबिया विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत में उन्होंने यह टिप्पणी की। राहुल ने दावा किया कि केवल मौजूदा चुनाव आयोग के कार्यकाल में ही नहीं, बल्कि अतीत में भी वोट चोरी की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि २०१४ में जब भाजपा पहली बार सत्ता में आई थी, तब भी चुनावों को लेकर संदेह पैदा हुआ था।

राहुल ने बताया कि २०२४ के चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर भी जीत के अंतर को लेकर सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि २०१४ के चुनाव परिणामों को लेकर भी उनके मन में संदेह था, लेकिन उस समय उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं था। राहुल ने दावा किया कि बाद में सबूत मिलने के बाद भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दबाव के कारण वह सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कह सके। उन्होंने कहा कि उस समय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें इस मामले पर कुछ भी न बोलने की सलाह दी थी।

राहुल ने कहा कि कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र की कमियों और वोट चोरी के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए चाहे जो भी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़े, वह इसके लिए तैयार हैं। हालांकि, चुनावों के बहिष्कार की किसी भी संभावना से इंकार करते हुए राहुल ने कहा कि वे चुनाव लड़ते रहेंगे और कमियों को उजागर करते रहेंगे, क्योंकि चुनाव न लड़ने से देश का लोकतंत्र एक सेकंड में समाप्त हो जाएगा।