RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

छट पूजा के दौरान गंगा में बहे कुत्ते को मंत्री इंद्रनील खान ने बचाया

छट पूजा के दौरान गंगा में डूब रहे एक कुत्ते को मंत्री इंद्रनील खान ने एनडीआरएफ की मदद से सकुशल बाहर निकाला।

छट पूजा के अवसर पर गंगा नदी के तेज बहाव में बह रहे एक पालतू कुत्ते को राज्य के खेल और युवा कल्याण मंत्री इंद्रनील खान की पहल पर सुरक्षित बचा लिया गया।

यह घटना सोमवार सुबह कोलकाता के एक घाट पर हुई। जब कुत्ता पानी के तेज प्रवाह के बीच संघर्ष कर रहा था, तब लोगों के शोर मचाने पर मंत्री की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और आपदा प्रबंधन समूह को उसे बचाने का निर्देश दिया।

आपदा बल की तीन स्पीडबोट मौके पर पहुंचीं और रिवर ट्रैफिक पुलिस की जेटी के पास से कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ठंड से कांप रहे कुत्ते को मंत्री ने तुरंत एक तौलिया से ढंका और उसकी सेहत का ध्यान रखते हुए उसे गर्म दूध पिलाया।

बचाव कार्य के बाद मंत्री ने बताया कि वह कुत्ता किसी श्रद्धालु का पालतू था। उन्होंने इस सफल अभियान के लिए पुलिस और बचाव कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।