RASHTRIX 24X7 NEWS

पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर

पश्चिम बंगाल सरकार स्कूलों में प्राथमिक उपचार के लिए शिक्षकों को देगी विशेष प्रशिक्षण

पश्चिम बंगाल सरकार ने स्कूलों में विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा देने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करने हेतु 'आरोग्य चेतना' पहल शुरू की है।

पश्चिम बंगाल सरकार ने स्कूली छात्र-छात्रों को प्राथमिक उपचार देने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करने की एक नई पहल शुरू की है। पीपीपी मॉडल के तहत शुरू किए गए इस अभियान का नाम 'आरोग्य चेतना' है। राज्य के सभी सरकारी और सरकार द्वारा प्रायोजित स्कूलों के शिक्षकों को फर्स्ट एड का पाठ पढ़ाने की जिम्मेदारी सीके बिड़ला अस्पताल सीएमआरआई को सौंपी गई है।

हाल ही में स्कूलों के भीतर बच्चों के घायल होने और इलाज में देरी की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। नई व्यवस्था के तहत स्कूल में चोट लगने पर शिक्षक खुद प्राथमिक उपचार कर छात्र को स्थिर करेंगे और फिर नजदीकी अस्पताल ले जाएंगे। राज्यभर के लगभग तिरासी हजार स्कूलों में यह योजना लागू होगी और स्कूलों को फर्स्ट एड किट दिए जाएंगे।

प्रशिक्षण के लिए एक विशेष पाठ्यक्रम और वेबसाइट तैयार की जा रही है, जिस पर टीचिंग मॉड्यूल उपलब्ध होगा। शिक्षकों को बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें हड्डी टूटने, कटने-छिलने और दिल का दौरा पड़ने जैसी आपात स्थिति से निपटना सिखाया जाएगा। प्रधानाध्यापक शिक्षकों की सूची सौंपेंगे और इस काम में एनजीओ की भी मदद ली जाएगी।