पश्चिम बंगाल · राष्ट्रिक्स वायर
फर्जी मुठभेड़ की आशंका जताते हुए मानवाधिकार आयोग पहुंची सुमित की पत्नी
सुमित राय की पत्नी सुष्मिता घोष ने शुक्रवार को राज्य मानवाधिकार आयोग का रुख किया और आशंका जताई कि पुलिस हिरासत में उनके पति सुरक्षित नहीं हैं तथा उनकी हत्या की जा सकती है। सुष्मिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी के आप्त सहायक सुमित को नए मामलों में फंसाकर फिर से हिरासत में लिया जा रहा है और उन्हें मानसिक तथा शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सुमित स्लीप एपनिया से पीड़ित हैं और उन्हें सोने के लिए एक विशेष मशीन की आवश्यकता होती है, लेकिन उन्हें इस सुविधा से वंचित रखा जा रहा है। उनका यह भी आरोप है कि जांच के नाम पर रात के समय उन्हें अपराध स्थल पर ले जाया जा रहा है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बढ़ गई है।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मानवाधिकार आयोग ने डायमंड हार्बर के पुलिस अधीक्षक और कई थानों के प्रभारियों को नोटिस जारी किया है। आयोग ने निर्देश दिया है कि जांच के दौरान सभी मानवाधिकारों का पालन किया जाए और हिरासत में उनके स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जाए। इस मामले की अगली सुनवाई आगामी ३० नवंबर को होगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जमीन से जुड़े एक मामले में पुलिस ने सुमित को हिरासत में लिया था। हाल ही में एक मछुआरे को धमकाकर रंगदारी मांगने के आरोप में उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।