RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

दो महीने में दो शादियां कर महिला फरार, दो पति पहुंचे ससुराल

तमिलनाडु में एक महिला पर कम अंतराल में दो शादियां करने और दोनों पतियों के घरों से पैसे लेकर भागने का आरोप लगा है।

तमिलनाडु में एक महिला द्वारा कम समय में दो शादियां करने और पैसे लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद दो युवकों ने खुद को उस महिला का पति बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, १३ सितंबर को तंजावुर जिले के उप्पुनदारपट्टी निवासी सिद्धार्थन का विवाह कार्तिका नामक महिला से हुआ था। वर पक्ष ने इस शादी पर दस लाख रुपये से अधिक खर्च किए थे। शादी के दो दिन बाद कार्तिका अपनी बीमार मां को देखने के बहाने ससुराल से पैसे लेकर चली गई। इसके बाद जब वह वापस नहीं लौटी, तो सिद्धार्थन अपने परिजनों के साथ उसके घर पहुंचे। वहां उन्होंने पाया कि सास पूरी तरह स्वस्थ हैं और महिला को कहीं और भेजा गया बताया गया।

उसी दौरान वहां एक और युवक पहुंचा और कार्तिका की तलाश करने लगा। उसने दावा किया कि वह भी उसी महिला का पति है और वह भी इसी तरह मां की बीमारी का बहाना बनाकर घर से निकली थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिन लोगों को माता-पिता बताया गया था, वे असली माता-पिता नहीं थे।

इस घटना के बाद दोनों युवकों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला और उसके फर्जी माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि यह ठगी का एक मामला है और जांच शुरू कर दी गई है।