RASHTRIX 24X7 NEWS

भारत · राष्ट्रिक्स वायर

दिल्ली के दुकान के ट्रायल रूम से युवती का गला कटा शव बरामद

दिल्ली के मोतिनगर इलाके में एक कपड़ों की दुकान के ट्रायल रूम से अठारह वर्षीय महिला कर्मचारी का गला कटा शव मिला।

दिल्ली के मोतिनगर इलाके में एक कपड़ों की दुकान के ट्रायल रूम से अठारह वर्षीय युवती का गला कटा हुआ शव बरामद किया गया है। शनिवार रात दुकान बंद करने के समय इस घटना का पता चला। पुलिस ने मृतका की पहचान शबनम के रूप में की है जो उसी दुकान में काम करती थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे युवती काम निपटाकर घर जाने की तैयारी कर रही थी। उस समय एक युवक दुकान के अंदर आया और शबनम को अपने साथ ले गया। बाद में वह युवक चुपचाप दुकान से बाहर निकल गया लेकिन शबनम नजर नहीं आई। रात करीब साढ़े नौ बजे एक अन्य कर्मचारी ने ट्रायल रूम का दरवाजा बंद देखा और फर्श पर खून बहता हुआ पाया। दरवाजा धकेलने पर अंदर युवती का शव मिला।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में मृतका एक युवक से बात करती हुई नजर आ रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि प्रेम संबंध के विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है और परिवार को सूचना दे दी गई है।